BREAKING

घर के बाहर पेशाब करने निकला था रियांश, पैर फिसलने से नाले में गिरा - सुबह खेत की मेड़ के बीच मिला शव, थाना प्रभारी अजब सिंह ने मानवता की मिसाल पेश की*

*घर के बाहर पेशाब करने निकला था रियांश, पैर फिसलने से नाले में गिरा - सुबह खेत की मेड़ के बीच मिला शव, थाना प्रभारी अजब सिंह ने मानवता की मिसाल पेश की*
*थाना प्रभारी ने मासूम के शव को अपने हाथों में उठाकर गाड़ी में रखा, लोगों ने की सराहना*

रेहान खान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 

*फर्रुखाबाद।* थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के मोहल्ला ढूंइयां चुंगी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नाले में डूबकर 5 वर्षीय मासूम रियांश शाक्य की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में मातम छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला ढूंइयां चुंगी निवासी आकाश शाक्य पुत्र स्व. मानसिंह का इकलौता पुत्र रियांश शाक्य उम्र करीब 5 वर्ष बीते दिन शाम करीब 5 बजे घर के बाहर पेशाब करने के लिए निकला था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह घर के सामने से गुजर रहे नाले में गिर गया। मूसलाधार बारिश के चलते नाले में पानी का तेज बहाव था, जिससे मासूम बह गया।
काफी देर तक रियांश के घर वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, सीओ सिटी अभय वर्मा, थाना प्रभारी अजब सिंह, बीबीगंज चौकी इंचार्ज काशिफ हनीफ, बजरिया उपनिरीक्षक यतेंद्र सिंह, कांस्टेबल सौरभ चौधरी, कांस्टेबल नितिन कुमार, कांस्टेबल नरेश गुर्जर, कांस्टेबल सुबोध यादव, अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार, NDRF टीम और फायर ब्रिगेड रेस्क्यू टीम फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और मासूम की तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं मिल सका।
आज सुबह करीब 8 बजे करबला के निकट ग्राम भोपाल नगला निवासी सुधाकर शाक्य और दिलेराम शाक्य की गोभी के खेत की मेड़ के बीच मासूम का शव पड़ा दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि नाले का पानी पुतिया के रास्ते होकर दूसरी तरफ जाता है, इसलिए बहाव के साथ शव काफी दूर खेत तक चला गया। खेत की मेड़ कट जाने से शव फसल वाले खेत में पहुंच गया।

सूचना पर थाना प्रभारी अजब सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मानवता की बड़ी मिसाल पेश करते हुए मासूम रियांश के शव को अपने हाथों में उठाकर अपनी सरकारी गाड़ी में रखा और लोहिया अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी के इस मानवीय कार्य की क्षेत्र में खूब प्रशंसा हो रही है।
परिवार में पिता आकाश शाक्य, माता कोमल और दादी सुखदेवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मां अपने इकलौते बेटे को खोने के गम में बार-बार बेहोश हो रही है। इकलौते बेटे की मौत से पूरा परिवार टूट गया है।

इस हृदयविदारक घटना ने बारिश के मौसम में खुले नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खुले नालों को ढकने और जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Previous Post Next Post