फिल्म 'हनुमान अंश' के कलाकार बृजपाल सिंह का जोरदार स्वागत,फर्रुखाबाद में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने किया अभिनंदन
रेहान खान ब्यूरो चीफ़ फर्रुखाबाद
फिल्म 'हनुमान अंश' में नाई का किरदार निभाने वाले फर्रुखाबाद के मंझन्ना गांव निवासी कलाकार बृजपाल सिंह का जिले में जोरदार स्वागत किया गया। शहर के डिग्गीताल मोहल्ले में राजीव चतुर्वेदी के घर पर एक स्वागत समारोह हुआ। इसमें पार्टी के जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बृजपाल सिंह के अभिनय की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि एक छोटे से गांव मंझन्ना से निकलकर बड़े पर्दे तक पहुंचना आसान नहीं है। बृजपाल सिंह ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित किया है कि प्रतिभा को किसी पहचान की जरूरत नहीं होती।
फिल्म 'हनुमान अंश' धार्मिक और सामाजिक विषय पर आधारित है। इसमें पारंपरिक नाई के किरदार को बहुत अच्छे से दिखाया गया है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिले के कलाकार का इस फिल्म में काम करना पूरे फर्रुखाबाद के लिए गर्व की बात है। इससे जिले के युवाओं को कला और अभिनय के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
बृजपाल सिंह ने इस मौके पर सभी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि फिल्म में नाई का किरदार निभाना उनके लिए गर्व की बात है। उनका मुख्य मकसद अपने क्षेत्र और गांव का नाम रोशन करना है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि जिले के कलाकार का फिल्म में चुना जाना हमारे लिए गर्व का विषय है। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान मिलेगी। पूर्व जिला अध्यक्ष रूपेश गुप्ता, नगर अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा जावेश कुमार राठौर, पूर्व कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, अभिषेक बाजपेई, अभिषेक बाथम और कृष्ण मुरारी समेत पार्टी के सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे। आखिर में सभी ने मिठाई बांटकर बृजपाल सिंह को बधाई दी और उनके अच्छे भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
Tags
फर्रुखाबाद