एआई और साइबर सुरक्षा के गुर सीखने के लिए संचेतना कॉलेज में जुटे विद्यार्थी, क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने किया जागरूक
तकनीकी युग में सतर्कता जरूरी, विशेषज्ञों ने एआई, स्टार्टअप, नवाचार और डिजिटल सुरक्षा के बताए नए आयाम
इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित संचेतना ग्रुप ऑफ कॉलेज में शुक्रवार को आधुनिक तकनीक और भविष्य की संभावनाओं को लेकर नवाचार एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने, साइबर अपराधों से बचने और एआई के बेहतर इस्तेमाल के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जसवंतनगर की क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह, नवाचार एवं उद्यमिता विशेषज्ञ डॉ. सुदर्शन त्रिपाठी, आईपीआर एवं एआई विशेषज्ञ अंशु सिंह, महाविद्यालय प्रबंधक डॉ. सीमा यादव और प्राचार्य डॉ. विकास श्रीवास्तव ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। छात्राओं ने स्वागत गीत के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन विनोद कुमार ने किया।
साइबर ठगों से बचने के लिए सतर्कता ही सबसे बड़ा हथियार : आयुषी सिंह
मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि इंटरनेट और डिजिटल तकनीक ने जीवन को आसान बनाया है, लेकिन इसके साथ साइबर अपराध की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। उन्होंने अनजान नंबरों से आने वाली कॉल, फर्जी वेबसाइट, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की अपील की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी और व्यक्तिगत गोपनीय विवरण साझा नहीं करना चाहिए। सोशल मीडिया पर निजी जानकारियां साझा करते समय भी विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक का इस्तेमाल शिक्षा और ज्ञान बढ़ाने के लिए करने की सलाह देते हुए कहा कि जागरूकता और सावधानी से ही डिजिटल अपराधों से बचा जा सकता है।
एआई से बदलेंगे शिक्षा और रोजगार के अवसर
नवाचार एवं उद्यमिता विशेषज्ञ डॉ. सुदर्शन त्रिपाठी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से बढ़ते प्रभाव पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में एआई शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, उद्योग, व्यापार और प्रशासन जैसे क्षेत्रों में नई संभावनाएं पैदा करेगा। इसके माध्यम से काम करने के तरीकों में बदलाव आएगा और कार्यक्षमता भी बढ़ेगी।
उन्होंने विद्यार्थियों से नए विचार विकसित करने, समस्याओं के समाधान खोजने और नवाचार को अपनी शिक्षा का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। साथ ही स्टार्टअप और उद्यमिता के जरिए रोजगार सृजन की संभावनाओं को भी समझाया।
एआई का इस्तेमाल जिम्मेदारी और नैतिकता के साथ करें
आईपीआर एवं एआई विशेषज्ञ अंशु सिंह ने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता की तकनीकी विशेषताओं और व्यावहारिक उपयोगों से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि एआई पढ़ाई, शोध, रचनात्मक कार्यों और नई जानकारियां जुटाने में उपयोगी साबित हो रहा है। हालांकि इसका इस्तेमाल जिम्मेदारी और सावधानी के साथ करना आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक पर पूरी तरह निर्भर होने के बजाय अपनी समझ, रचनात्मकता और ज्ञान को विकसित करने की सलाह दी। विशेषज्ञों ने एआई से जुड़ी संभावनाओं के साथ उसकी चुनौतियों और जोखिमों पर भी प्रकाश डाला।
स्टार्टअप और नवाचार के जरिए आगे बढ़ने का संदेश
कार्यशाला में विद्यार्थियों के साथ नए तकनीकी विचारों, स्टार्टअप, उद्यमिता और सामाजिक समस्याओं के समाधान में एआई की भूमिका पर भी चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने कहा कि विद्यार्थियों के छोटे-छोटे विचार भविष्य में बड़े आविष्कारों और रोजगार के नए अवसरों का रूप ले सकते हैं।
कार्यशाला के माध्यम से छात्र-छात्राओं को आधुनिक तकनीक के प्रति जागरूक करने के साथ सुरक्षित और सकारात्मक डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर प्रबंधक डॉ. सीमा यादव, प्राचार्य डॉ. विकास श्रीवास्तव, आरबी कॉलेज फार्मेसी के प्राचार्य विनोद कुमार रजक, अनुपम भदौरिया, मोहित कुमार, आनंद कुमार, देवेश कुमार, सुनील कुमार, रुचि शुक्ला, लाली वर्मा सहित महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
