BREAKING

मैनपुरी: तीन बच्चों की मां न्याय के लिए भटक रही, मारपीट की शिकायत के बाद भी FIR नहीं होने का आरोप

 

मैनपुरी में 20 लाख रुपये दहेज देने के बावजूद प्रताड़ना का आरोप, तीन बच्चों की मां मजदूरी कर पाल रही परिवार

मैनपुरी। पारिवारिक विवाद में तीन बच्चों की मां रिंकी राजपूत ने अपने पति और ससुरालीजनों पर मारपीट एवं लगातार प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि 1090 पर कॉल कर पुलिस बुलाने और थाने में लिखित शिकायत देने के बावजूद अभी तक उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

    पति अनुपम 

रिंकी राजपूत के मुताबिक, उसकी शादी करीब 15 वर्ष पूर्व अनुपम राजपूत के साथ हुई थी। शादी में उसके मायके पक्ष ने 20 लाख रुपये दहेज दिया था। उसके तीन बच्चे हैं। महिला का कहना है कि वह पिछले कई वर्षों से ससुरालीजनों से अलग रह रही है और मजदूरी करके अपने तीनों बच्चों का भरण-पोषण करने को मजबूर है।

महिला ने पति अनुपम राजपूत, ननद मोना और ससुर साहब सिंह वर्मा पर लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि ससुरालीजन उसे खाने-पीने तक के लिए आर्थिक मदद नहीं देते हैं। ससुर का ईसन नदी पुल स्थित बर्मा सर्विस सेंटर बताया गया है।

आरोप है कि 13 नवंबर 2026 की सुबह करीब 8 बजे किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट की गई। बच्चों के साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद रिंकी ने 1090 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। इसके बाद थाने पहुंचकर लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर एफआईआर दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस की ओर से शिकायत पर की गई कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।


Previous Post Next Post