BREAKING

इटावा/जसवंतनगर: अजनौरा गांव में कृभको ने लगाया निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर, 90 ग्रामीणों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

 M.S VERMA

MANOJ KUMAR

अजनौरा गांव में कृभको ने लगाया निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर, 90 ग्रामीणों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

इटावा। कृभको इटावा द्वारा अंगीकृत ग्राम अजनौरा में गुरुवार को निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर में जिला चिकित्सालय इटावा की चिकित्सकीय टीम सहित कृभको के अधिकारियों और ग्राम प्रधान ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला चिकित्सालय इटावा के डॉ. गौरव यादव, एमबीबीएस (फिजीशियन) मौजूद रहे। उनके साथ जिला चिकित्सालय के फार्मासिस्ट देवेंदु शुक्ला, मोहित कुमार तथा वार्ड ब्वाय मो. अली अब्बास ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। वहीं कृभको इटावा के क्षेत्रीय अधिकारी राजीव कुमार एवं ग्राम प्रधान अजनौरा मनोज कुमार भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

चिकित्सा शिविर में ग्राम अजनौरा के करीब 90 पुरुष एवं महिलाओं ने पहुंचकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। चिकित्सकों ने ग्रामीणों की जांच कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुना तथा आवश्यक परामर्श और निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया। जरूरत के अनुसार ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और दैनिक जीवन में अपनाई जाने वाली जरूरी बातों की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. गौरव यादव ने ग्रामीणों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा खान-पान पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्वच्छता और संतुलित खान-पान बेहद महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों से मौसम के अनुसार सावधानी बरतने तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज न करने की अपील की गई।

शिविर के दौरान कृभको के क्षेत्र प्रतिनिधि द्वारा ग्रामीणों को कृभको के विभिन्न कृषि उत्पादों के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। किसानों को उत्पादों के उपयोग, उनकी उपयोगिता एवं कृषि में बेहतर उत्पादन के लिए अपनाई जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी देकर जागरूक किया गया।

ग्रामीणों ने निःशुल्क चिकित्सा शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि गांव में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित होने से लोगों को अपने स्वास्थ्य की जांच कराने में सुविधा मिलती है और सामान्य बीमारियों के संबंध में समय रहते चिकित्सकीय सलाह भी प्राप्त हो जाती है।

कार्यक्रम के अंत में कृभको इटावा के क्षेत्र प्रतिनिधि ने चिकित्सा शिविर में अपनी सेवाएं देने वाले चिकित्सकों, जिला चिकित्सालय की टीम, ग्राम प्रधान तथा शिविर में शामिल सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। शिविर को ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा की दिशा में उपयोगी पहल बताया गया।

Previous Post Next Post