BREAKING

संदीप दुबे की 43.30 लाख की अवैध संपत्ति कुर्क,गैंगस्टर एक्ट के तहत DM के आदेश पर मऊदरवाजा पुलिस और राजस्व टीम ने की कार्रवाई

संदीप दुबे की 43.30 लाख की अवैध संपत्ति कुर्क,गैंगस्टर एक्ट के तहत DM के आदेश पर मऊदरवाजा पुलिस और राजस्व टीम ने की कार्रवाई

      रेहान खान ब्यूरो चीफ़ फर्रुखाबाद 
फर्रुखाबाद में अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए मऊदरवाजा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने गैंग सदस्य संदीप दुबे की 43 लाख 30 हजार रुपये की अवैध अचल संपत्ति कुर्क कर सील कर दी। कुर्की के दौरान प्रशासन ने मौके पर डुगडुगी पिटवाकर आदेश की घोषणा की।
अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपमा कुलश्रेष्ठ के निर्देश पर, डीआईजी यमुना प्रसाद के पर्यवेक्षण में, एसपी आरती सिंह के मार्गदर्शन में और एएसपी गिरीश कुमार व सीओ सिटी अभय कुमार वर्मा के नेतृत्व में जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत कोतवाली में गैंगस्टर का मुकदमा संख्या 899/2021 धारा 3(1) दर्ज है। इसकी जांच कर रहे थानाध्यक्ष मऊदरवाजा अजय सिंह की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी ने वाद संख्या 14/970/2026 दिनांक 24.08.2026 के तहत संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी संदीप दुबे पुत्र नरेश दुबे निवासी घेरश्यामू खां, घूंघट पैलेस के पास, कोतवाली फर्रुखाबाद का रहने वाला है। वह अपने साथी अनुपम दुबे और अनुराग दुबे उर्फ डब्बन निवासी कसरट्टा फतेहगढ़ के साथ मिलकर गिरोह चलाता था।

यह गिरोह हत्या, हत्या के प्रयास, घर में घुसकर फायरिंग और रंगदारी वसूलने जैसे अपराध करता था। उनके आतंक के कारण कोई भी उनके खिलाफ गवाही देने को तैयार नहीं होता था। संदीप दुबे ने इसी अवैध कमाई से अपने परिजनों के नाम जमीनें खरीदी थीं।

सोमवार 15 सितंबर को नायब तहसीलदार हरदीप सिंह और थानाध्यक्ष अजय सिंह की टीम ने दो संपत्तियों को कुर्क किया। इनमें घेरश्यामू खां स्थित 27.87 वर्गमीटर का एक आवासीय प्लाट शामिल है, जिसकी कीमत 21,26,481 रुपये है।

दूसरी संपत्ति ग्राम अल्लाहपुर उर्फ बघपुर परगना पहाड़ा में स्थित 131.478 वर्गमीटर का भूखंड है, जिसकी कीमत 22,04,097 रुपये है। इस तरह कुल 43,30,578 रुपये की संपत्ति कुर्क की गई।

पुलिस ने मौके पर नोटिस चिपकाकर सील करने की कार्रवाई की। इस दौरान थाना कादरीगेट के थानाध्यक्ष कपिल चौधरी भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
Previous Post Next Post