M.s verma
Manoj kumar
खेलो इंडिया डायलॉग में प्रधानमंत्री मोदी से संवाद करेंगे जसवंतनगर के विद्यार्थीजसवंतनगर। इटावा के जसवंतनगर स्थित चौ. सुघर सिंह एजुकेशनल एकेडमी (ऑटोनोमस कॉलेज) में 27 अगस्त 2026 को ‘खेलो इंडिया डायलॉग—खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए एकेडमी का चयन ‘ए’ ग्रेड में हुआ है। इसके तहत यहां के विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे संवाद करने, प्रश्न पूछने और अपने विचार साझा करने का अवसर मिलेगा।
जनपद इटावा से इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के लिए दो महाविद्यालयों का चयन किया गया है। चौ. सुघर सिंह एजुकेशनल एकेडमी को ‘ए’ ग्रेड, जबकि जनता कॉलेज, बकेवर को ‘बी’ ग्रेड में रखा गया है। ‘ए’ ग्रेड वाले संस्थान के विद्यार्थी प्रधानमंत्री से सीधे संवाद कर सकेंगे, जबकि ‘बी’ ग्रेड में चयनित जनता कॉलेज के विद्यार्थी प्रधानमंत्री का संबोधन सुनेंगे।
जिला युवा कल्याण अधिकारी सोनिका चंद्रा ने बताया कि यह कार्यक्रम युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। दोनों चयनित महाविद्यालयों में कार्यक्रम को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
संस्था के एमडी अनुज मोंटी यादव ने चौ. सुघर सिंह एजुकेशनल एकेडमी के ‘ए’ ग्रेड में चयन को संस्थान के लिए गर्व की उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री के साथ संवाद का अवसर मिलना उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
संस्था के निदेशक डॉ. संदीप पांडेय ने इस अवसर को विद्यार्थियों के लिए यादगार और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा प्रधानमंत्री के विचारों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में डॉ. मनोज यादव, अशांक हनी यादव, मनीष चौधरी, धर्मेंद्र कुमार और नितिन आनंद सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
