BREAKING

इटावा/जसवंतनगर: जसवंतनगर में दो अलग-अलग सड़क हादसे, दो बाइक सवार गंभीर घायल

M.s verma

Manoj kumar 

जसवंतनगर में दो अलग-अलग सड़क हादसे, दो बाइक सवार गंभीर घायल

जसवंतनगर क्षेत्र में शनिवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि दूसरे को परिजन निजी अस्पताल ले गए।

पहला हादसा ग्राम निलोई के पास हुआ। फक्कड़पुरा निवासी 55 वर्षीय शिवकुमार अपने साले अरविंद के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। निलोई गांव के पास अचानक बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में शिवकुमार के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई और पैर टूट गया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

दूसरा हादसा जसवंतनगर के रेलमंडी मोहल्ले में स्टेट बैंक के सामने हुआ। विलासपुर नहर पुल निवासी 22 वर्षीय अरुण बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक कुत्ता बाइक के सामने आ गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में अरुण गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उनके परिजनों को सूचना दी और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद परिजन अरुण को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए। लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और सड़क पर घूम रहे आवारा पशुओं से सतर्क रहने की अपील की है।

Previous Post Next Post