BREAKING

इटावा: भरथना में गैस सिलेंडर में लगी आग से झुलसी महिला की मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

 M.S VERMA 

भरथना में गैस सिलेंडर में लगी आग से झुलसी महिला की मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

भरथना/इटावा। भरथना कस्बे के मोहल्ला शुक्लागंज में गैस सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण लगी आग में गंभीर रूप से झुलसी महिला रश्मि की उपचार के दौरान मौत हो गई। पितृ अमावस्या के लिए घर में पकवान बनाते समय हुए इस हादसे में तीन लोग झुलस गए थे। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, मां को खोने वाले उसके दो मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह मोहल्ला शुक्लागंज स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल पर पितृ अमावस्या के लिए पकवान बनाए जा रहे थे। इसी दौरान रसोई गैस सिलेंडर से गैस का रिसाव होने के बाद अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से रश्मि पत्नी दीपक, सीमा उर्फ रानी पत्नी प्रेमकिशोर उर्फ लिटिल और प्रेमकिशोर गंभीर रूप से झुलस गए।

हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सैफई स्थित पीजीआई रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के दौरान शनिवार शाम करीब पौने छह बजे रश्मि की मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल सीमा की हालत भी नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने पर कस्बा चौकी प्रभारी तन्मय चौधरी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद जब रश्मि का शव घर पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और मोहल्ले में शोक का माहौल छा गया।

रश्मि अपने पीछे 12 वर्षीय बेटे प्रशांत और आठ वर्षीय बेटे पारस को छोड़ गई हैं। मां की मौत से दोनों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया। इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Previous Post Next Post