M.S VERMA
MANOJ KUMAR
नशामुक्त भारत के संकल्प के साथ युवाओं ने दिखाई खेल प्रतिभासेवा संकल्प अभियान के तहत हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज में हुई वॉलीबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं
जसवंतनगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान मेंमाय भारत इटावा की उपनिदेशक सोनिका चंद्रा के निर्देशन में हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में युवाओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाकर स्वस्थ जीवन और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प कराया।
प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन के मुकाबले कराए गए। वॉलीबॉल के बालक वर्ग में हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज की टीम ने माई भारत यूथ क्लब नगला तौर की टीम को 27-25 से हराकर विजेता का खिताब हासिल किया। बालिका वर्ग में हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज की ए टीम ने बी टीम को 25-6 से पराजित किया।
कबड्डी प्रतियोगिता में हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज जसवंतनगर की टीम ने श्री मुलायम सिंह यादव इंटर कॉलेज रायनगर की टीम को 27-11 से हराकर जीत दर्ज की। बैडमिंटन में हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज के ऋषभ ने अपने ही कॉलेज के मुकुल शुक्ला को 16-14 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिताओं के बाद विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार आकांक्षा मिश्रा और विशिष्ट अतिथि हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य संजीव कुमार ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में युवाओं को दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ में किसी भी प्रकार के हानिकारक एवं नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करने, संपर्क में आने वाले लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने और ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने में योगदान देने का आह्वान किया गया। साथ ही स्वस्थ जीवन मूल्यों का पालन करने और समाज में नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
इस दौरान भाजपा नेता अभिषेक शुक्ला, विवेक गुप्ता मोना, श्रेयस मिश्रा, सुदीप प्रजापति, कार्यक्रम की नोडल कु. नीरज, ऋषभ पाठक, शिवेक, पीयूष, विवेक सहित यूथ क्लब के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटो : हिन्दुविद्यालय में आयोजित खेल प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करतीं मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार आकांक्षा मिश्रा व प्रधानाचार्य संजीव कुमार व नशा मुक्त की सपथ लेते हुए।
