BREAKING

इटावा/जसवंतनगर: कार सवार युवक से मारपीट और फायरिंग, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 M.S VERMA

MANOJ KUMAR

कार सवार युवक से मारपीट और फायरिंग, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

भतोरा के पास सवारी लेकर जा रहे चालक को बनाया निशाना; बलैयापुर मोड़ से पुलिस ने दबोचा, तीन आरोपी अब भी फरार

जसवंतनगर। इटावा-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भतोरा के पास कार चालक के साथ मारपीट और तमंचे से फायरिंग करने के मामले में जसवंतनगर पुलिस ने मुख्य आरोपी शंकर उर्फ चुल्लू को गिरफ्तार कर लिया। वारदात के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। आरोपी को सोमवार रात बलैयापुर गांव जाने वाले मोड़ के पास से पकड़ा गया। मामले में तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

थानाध्यक्ष कमल भाटी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शंकर उर्फ चुल्लू पुत्र बंगाली बाबू है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी मोटरसाइकिल से बलैयापुर मोड़ के पास मौजूद है। इसके बाद उपनिरीक्षक शुभम वर्मा ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

औरैया के बाबरपुर थाना अजीतमल निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह कानपुर देहात से सवारी लेकर गुड़गांव, हरियाणा जा रहा था। 13 सितंबर की रात करीब साढ़े 10 बजे इटावा-जसवंतनगर के बीच जाम के कारण वह भतोरा के पास पहुंचा था।

पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान सोनू पुत्र बलराम निवासी रानी बाग, शिवनारायण की मड़ैया, थाना कोतवाली, शंकर उर्फ चुल्लू, आशीष और एक अज्ञात व्यक्ति उसकी कार में चढ़ आए। आरोप है कि सोनू ने तमंचे की बट से मनोज के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद अन्य आरोपियों ने भी उसके साथ मारपीट की।

पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और इसी दौरान सोनू ने तमंचे से फायर कर दिया। हालांकि गोली लगने से मनोज बाल-बाल बच गया, लेकिन मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शंकर उर्फ चुल्लू को दबोच लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने के साथ ही फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

“जाम में फंसी कार बनी निशाना, सवारी लेकर जा रहे चालक से मारपीट के बाद फायरिंग—मुख्य आरोपी गिरफ्तार”

Previous Post Next Post