M.s verma
जसवंतनगर : किसान फार्मर रजिस्ट्री में नाम दर्ज होने पर भावुक हुईं बुजुर्ग शशिप्रभा, नायब तहसीलदार को देने लगीं ₹100समय पर काम पूरा होने पर विधवा महिला ने गले लगाकर जताया स्नेह, नायब तहसीलदार ने कहा—‘अम्मा, मुझे सिर्फ आपका आशीर्वाद चाहिए’
जसवंतनगर, इटावा। किसान फार्मर रजिस्ट्री में नाम दर्ज कराने को लेकर परेशान चल रहीं ग्राम हरकुपुर निवासी विधवा महिला शशिप्रभा पत्नी स्वर्गीय राजाराम लोधी राजपूत का कार्य समय पर पूरा होने के बाद वह खुशी जाहिर करने नायब तहसीलदार नेहा सचान से मिलने पहुंचीं। बुजुर्ग महिला ने नायब तहसीलदार को गले लगाकर अपना स्नेह जताया और उन्हें बख्शीश स्वरूप 100 रुपये देने का प्रयास किया।
बताया गया कि शशिप्रभा किसान फार्मर रजिस्ट्री में अपना नाम दर्ज कराने को लेकर परेशान थीं। संबंधित कार्य पूरा होने के बाद वह नायब तहसीलदार नेहा सचान के कक्ष में पहुंचीं। कार्य पूरा होने से खुश शशिप्रभा ने भावुक होकर नायब तहसीलदार को गले लगाया और अपनी पोटली से 100 रुपये निकालकर उन्हें देने लगींबुजुर्ग महिला ने स्नेहपूर्वक कहा कि “बेटी, ये 100 रुपये रख लो।” इस पर नायब तहसीलदार ने रुपये लेने से विनम्रतापूर्वक इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “अम्मा, मुझे इन रुपयों की जरूरत नहीं है, मुझे सिर्फ आपका आशीर्वाद चाहिए। आप ये रुपये अपने पास रखिए।”
नायब तहसीलदार ने बुजुर्ग महिला को अपने पास बैठाकर उनका हालचाल जाना और सम्मानपूर्वक विदा किया। इस दौरान कार्यालय में मौजूद लोगों के बीच भी यह आत्मीय दृश्य चर्चा का विषय रहा।समय पर सरकारी कार्य का निस्तारण होने से शशिप्रभा को राहत मिली। वहीं नायब तहसीलदार नेहा सचान के सहज और संवेदनशील व्यवहार ने इस मुलाकात को खास बना दिया। सरकारी कामकाज के बीच सामने आया यह प्रसंग प्रशासनिक सेवा में मानवीय संवेदना की मिसाल के रूप में देखा गया।


