M.S VERMA
MANOJ KUMAR
चंद्रशेखर आजाद की रिहाई की मांग को लेकर इटावा में गरजे आजाद समाज पार्टी कार्यकर्ता
डीएम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन, प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
इटावा। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद को गोंडा में पीड़ित परिवार से मिलने जाते समय कथित तौर पर रोके जाने के विरोध में रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने इटावा में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना देकर नारेबाजी की और चंद्रशेखर आजाद की रिहाई तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री एवं कानपुर मंडल मुख्य प्रभारी अभिषेक आजाद ने किया। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद गोंडा में पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में पुलिस-प्रशासन द्वारा उन्हें कथित रूप से रोक दिया गया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा विषय बताते हुए कार्रवाई की निंदा की।अभिषेक आजाद ने कहा कि किसी पीड़ित परिवार से मिलना जनप्रतिनिधि का दायित्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विधानसभा, ब्लॉक, सेक्टर और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।धरने के दौरान जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक अधिकारी राजेश बाथम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चंद्रशेखर आजाद की रिहाई और उनके साथ हुई कथित कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।
इस दौरान भरथना विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी विक्की उर्फ विकीत कठेरिया, जिला उपाध्यक्ष अतुल आजाद, कानपुर मंडल अध्यक्ष बॉलीयंटर लकी आजाद, जसवंतनगर विधानसभा अध्यक्ष अंशुल आजाद, सुधीर जाटव, भीम आर्मी जिला अध्यक्ष आनंद स्वरूप, मनीष शाक्य, मनोज भारती, मलखान सिंह, शिवम गोयल, अजय बौद्ध और सुमित चौधरी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इंसानी भाईचारा समिति के अध्यक्ष मोहम्मद आमीन भाई की उपस्थिति भी रही।प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने चंद्रशेखर आजाद की रिहाई की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।



