रेलवे ट्रैक किनारे मिला दवा विक्रेता का शव,फर्रुखाबाद में सुबह ग्रामीणों ने देखा, पास में 315 बोर का तमंचा भी पड़ा था
रेहान खान ब्यूरो चीफ़ फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन के किनारे एक दवा विक्रेता का शव मिला है। हथियापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास सुबह करीब 5 बजे ग्रामीणों ने शव देखा। मृतक की पहचान मोहल्ला खड़ीआई निवासी अरविंद शुक्ला के 35 वर्षीय बेटे अमन शुक्ला के रूप में हुई है।
युवक के शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था, सिर्फ अंडरगारमेंट था। उसकी पीठ पर खून के निशान भी थे। शव के पास रेलवे लाइन के बीच स्लीपर के पास एक 315 बोर का तमंचा पड़ा था। तमंचा खुला हुआ था और उसकी क्षतिग्रस्त मूठ को लाल धागे से बांधा गया था।
सूचना मिलने पर थाना अध्यक्ष अजब सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को सीधा कर उसकी पहचान करने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने शव की पहचान अमन शुक्ला के रूप में की, जो पेशे से दवा विक्रेता था।
उप निरीक्षक काशिफ हनीफ, कांस्टेबल सौरभ चौधरी, नितिन कुमार और नरेश गुर्जर भी मौके पर पहुंचे। उप निरीक्षक काशिफ हनीफ ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पता चलेगा कि अमन की मौत ट्रेन से टकराकर आत्महत्या करने से हुई है या इसके पीछे कोई और वजह है।
Tags
फर्रुखाबाद