फर्रुखाबाद कांग्रेस में आंतरिक कलह तेज,इमरान अंसारी ने जिलाध्यक्ष शकुंतला देवी पर लगाए गंभीर आरोप
रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद कांग्रेस में आंतरिक कलह खुलकर सामने आ गई है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राकेश सागर के बाद अब पूर्व शहर महासचिव इमरान अंसारी ने जिलाध्यक्ष शकुंतला देवी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने जिलाध्यक्ष पर पुराने कांग्रेसियों को किनारे करने और पार्टी को कमजोर करने का आरोप लगाया है।
इमरान अंसारी ने कहा कि जिलाध्यक्ष बनने के बाद पुराने कांग्रेसियों को योजनाबद्ध तरीके से दरकिनार किया गया। उन्होंने दावा किया कि फर्रुखाबाद में आज भी सबसे ज्यादा कांग्रेसी कार्यकर्ता हैं, लेकिन मौजूदा नेतृत्व ने कांग्रेस को जिले से खत्म कर दिया है। अंसारी ने आलाकमान से तत्काल ऐसे नेताओं को हटाकर नया जिलाध्यक्ष नियुक्त करने की मांग की, ताकि फर्रुखाबाद कांग्रेस फिर से मजबूती से आगे बढ़ सके।
अंसारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि फर्रुखाबाद कभी कांग्रेस का गढ़ हुआ करता था, लेकिन अब पुराने और वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं को कोई पूछता नहीं है। उन्होंने पूर्व जिलाध्यक्ष आफताब हुसैन, पूर्व शहर अध्यक्ष नफीस हुसैन, हाजी इखलाक खां, नईम अंसारी, सेवादल के पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज त्रिवेदी, सेवादल के पूर्व शहर अध्यक्ष विनोद गुप्ता, सगीर अहमद खां, और दिवंगत डॉ. दिनेश अग्निहोत्री व अनिल तिवारी के परिवारों जैसे कई प्रमुख नामों का उल्लेख किया, जिन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है।
इमरान अंसारी ने आरोप लगाया कि जिलाध्यक्ष के पास केवल 2-3 लोग ही रहते हैं। उनके अनुसार, कार्यक्रम केवल फोटो खिंचवाकर फेसबुक पर डालने तक सीमित रह गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिलाध्यक्ष को कायमगंज से चुनाव लड़ना है, इसलिए उन्होंने पहले भी इस्तीफा दिया था। अंसारी ने चेतावनी दी कि 2027 के चुनावों को देखते हुए संगठन की अनदेखी पार्टी के लिए भारी पड़ सकती है।
यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब हाल ही में कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक में जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं के बीच तीखी बहस हुई थी। एआईसीसी पर्यवेक्षक शारिका सिंह की मौजूदगी में रात पक्का पुल पर आयोजित इस बैठक में जिलाध्यक्ष शकुंतला देवी और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राकेश सागर के बीच जमकर हंगामा हुआ था।
बैठक के दौरान, शारिका सिंह ने जिला और शहर अध्यक्ष पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे और कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया था। इसी बीच, शकुंतला देवी ने अपने पद से इस्तीफा देने की पेशकश की और अपने पिछले कार्यों का उल्लेख किया। इस पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राकेश सागर ने तुरंत आपत्ति जताई, जिसके बाद तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। पूर्व शहर अध्यक्ष पुन्नी शुक्ला ने भी राकेश सागर की आलोचना की थी।
राकेश सागर ने जिलाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के इतने बड़े कार्यक्रम और राहुल गांधी के जन्मदिन पर भी कार्यालय में ताला लगा रहा। इस आरोप पर शकुंतला देवी ने पलटवार करते हुए कहा कि यदि पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कटियार ने इतना अच्छा काम किया था, तो वह दोबारा क्यों नहीं लाए गए और बसपा में क्यों चले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि विजय कटियार सदर का चुनाव लड़ना चाहते थे, इसलिए कांग्रेस छोड़कर बसपा में चले गए।
इन घटनाओं से स्पष्ट होता है कि जिलाध्यक्ष शकुंतला देवी के नेतृत्व से कार्यकर्ता दूर होते जा रहे हैं। कार्यक्रमों में गिने-चुने लोग ही दिखाई पड़ते हैं। यदि यही स्थिति बनी रही, तो 2027 के चुनावों में फर्रुखाबाद में पार्टी के प्रदर्शन पर इसका नकारात्मक असर पड़ सकता है।
Tags
फर्रुखाबाद