BREAKING

कानपुर: कानपुर में पुलिस पर युवक की पिटाई का आरोप, कान का पर्दा फटा; कोर्ट ने 9 के खिलाफ FIR के दिए आदेश

 व्यूरो 

कानपुर में पुलिस पर युवक की पिटाई का आरोप, कान का पर्दा फटा; कोर्ट ने 9 के खिलाफ FIR के दिए आदेश

कानपुर। घरेलू विवाद की शिकायत पर पुलिस कार्रवाई अब सवालों के घेरे में है। काकादेव थाना क्षेत्र की शास्त्री नगर पुलिस चौकी में पत्नी की शिकायत के बाद बुलाए गए एक युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है। परिवार का आरोप है कि पिटाई इतनी बेरहमी से की गई कि युवक के कान का पर्दा तक फट गया और उसके शरीर पर चोट के निशान बन गए।

बताया गया कि युवक का पत्नी से घरेलू विवाद चल रहा था। घटना से पहले युवक अपनी मां और करीब डेढ़ साल की बेटी के साथ सोया था, जिसको लेकर पति-पत्नी में कहासुनी हुई। इसके बाद युवक अपनी ड्यूटी पर चला गया। इसी दौरान पत्नी ने शास्त्री नगर पुलिस चौकी में शिकायत कर दी।

चौकी बुलाकर मारपीट का आरोप

परिवार के मुताबिक, शिकायत के बाद चौकी प्रभारी पवन मिश्रा ने युवक को चौकी बुलाया। आरोप है कि वहां चौकी प्रभारी के अलावा दरोगा अरुण त्रिवेदी, राजू खरवार, जसवंत सिंह और सुमित सिंह चौहान ने उसके साथ मारपीट की। युवक को थप्पड़, लात-घूंसों से पीटने और जेल भेजने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

देर रात तक युवक के घर नहीं लौटने पर उसकी मां चौकी पहुंचीं और उसे घर लेकर आईं। परिजनों के अनुसार युवक के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान थे। उसकी पीठ पर लाठी से चोट के निशान बताए गए। साथ ही उसे सुनने में भी परेशानी हो रही थी।

अगले दिन मां युवक को निजी अस्पताल लेकर पहुंचीं, जहां जांच में कान का पर्दा फटने की बात सामने आने का दावा किया गया।

जांच में चौकी प्रभारी की भूमिका सामने आने का दावा

मामले की शिकायत तत्कालीन एसीपी स्वरूप नगर शिखर से की गई। जांच के बाद चौकी प्रभारी पवन मिश्रा की भूमिका सामने आने पर डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने उन्हें निलंबित कर दिया। वहीं अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच भी जारी बताई गई।

कोर्ट ने 9 लोगों के खिलाफ FIR के दिए आदेश

पीड़ित पक्ष की ओर से सीजेएम प्रदीप कुमार शुक्ला की अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने चौकी प्रभारी, दो दरोगा, दो सिपाहियों समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।

कोर्ट के आदेश के बाद अब पुलिस चौकी में युवक की कथित पिटाई का मामला गंभीर हो गया है और पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगी।

Previous Post Next Post