M.s verma
Manoj kumar
जसवंतनगर में 100 दिवसीय टीबी खोज अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर आयोजितजसवंतनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) के निर्देशन में चलाए जा रहे 100 दिवसीय सघन टीबी खोज अभियान के तहत गुरुवार को मोहल्ला रेल मंडी स्थित अर्बन पीएचसी जसवंतनगर में स्वास्थ्य शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य टीबी के संभावित मरीजों की पहचान करने के साथ ही लोगों को बीमारी के लक्षण, बचाव और उपचार के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर में टीबी के संभावित लक्षण वाले लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से जांच भी की गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों से टीबी के लक्षण दिखाई देने पर समय से जांच और उपचार कराने की अपील की।
उपचार पर्यवेक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह या उससे अधिक समय से खांसी, सीने में दर्द, बलगम में खून, शाम के समय पसीना आना, वजन कम होना या भूख कम लगने जैसी समस्या है तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। बच्चों में वजन न बढ़ना और गले में गांठ होना भी टीबी के संभावित संकेत हो सकते हैं।उन्होंने बताया कि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर निशुल्क बलगम की जांच करानी चाहिए। जांच में टीबी की पुष्टि होने पर सरकार की ओर से मरीज को पूरा उपचार निशुल्क उपलब्ध कराया जाता है। उपचार के दौरान बेहतर पोषण के लिए मरीज को डीबीटी के माध्यम से प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता राशि भी दी जाती है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों से अपील की कि टीबी के लक्षणों को छिपाने या अनदेखा करने के बजाय समय पर जांच कराएं। टीम ने कहा कि समय पर पहचान और पूरा उपचार मिलने से टीबी को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।
शिविर में डॉ. शालू यादव, जिला समन्वयक रविंद्र सिंह, फार्मासिस्ट लक्ष्मी नारायण सहित आशा कार्यकर्ता और आशा संगिनी मौजूद रहीं।

