M.s verma
Manoj kumar
सागर होटल संचालक विकास यादव पर जमीन कब्जाने का आरोप, पीड़ित सुरेश चंद्र ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहारजसवंतनगर/इटावा। ग्राम पदमपुरा निवासी सुरेश चंद्र पुत्र वृंदावन लाल ने सागर होटल (सागर ढाबा) के संचालक विकास यादव पर उनकी भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने शासन-प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
सुरेश चंद्र ने बताया कि उनके चचेरे भाइयों ने अपनी कुछ जमीन विकास यादव और सागर ढाबा संचालकों को बेची थी। इसके बाद वर्ष 2016 में जमीन का सरकारी बंटवारा हुआ था। विकास यादव ने अपनी खरीदी गई भूमि पर सागर होटल का निर्माण करा लिया था। इसी दौरान उनकी पुत्रवधू की तबीयत खराब होने के कारण परिवार को इलाज के लिए दिल्ली जाना पड़ा, जहां उन्हें करीब एक वर्ष तक रहना पड़ा।पीड़ित का आरोप है कि उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर विकास यादव ने सरकारी बंटवारे के दौरान लगाई गई निशानियां और खूंटियां उखाड़कर फेंक दीं। इसके बाद उनकी भूमि पर होटल का वेस्ट डाला जाने लगा और जमीन पर तालाब जैसी स्थिति बना दी गई। उनका कहना है कि इस वजह से वह अपनी ही भूमि पर फसल पैदा नहीं कर पा रहे हैं। उन्हें आशंका है कि धीरे-धीरे उनकी जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।सुरेश चंद्र के मुताबिक, 7 नवंबर 2026 को राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की नापजोख भी की थी। इस दौरान चूने से निशान लगाए गए, लेकिन पैमाइश से संबंधित कुछ कार्य अधूरा रह गया। पीड़ित का कहना है कि वह लगातार अधिकारियों से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
पीड़ित सुरेश चंद्र ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि राजस्व अभिलेखों के आधार पर उनकी भूमि की दोबारा निष्पक्ष पैमाइश कराई जाए। यदि जांच में अवैध कब्जे की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें उनकी भूमि पर अधिकार दिलाया जाए।सुरेश चंद्र ने न्याय न मिलने पर आत्महत्या करने तक की चेतावनी दी है। उनकी इस पीड़ा को देखते हुए प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की गई है।
नोट: यह खबर पीड़ित सुरेश चंद्र द्वारा लगाए गए आरोपों और उनके बयान पर आधारित है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित पक्ष का जवाब मिलने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।


