BREAKING

इटावा/जसवंतनगर: डीआईजी यमुना प्रसाद ने किया जसवंतनगर थाने का निरीक्षण, अभिलेखों की जांच कर दिए आवश्यक निर्देश

 M.s verma

Manoj kumar

डीआईजी यमुना प्रसाद ने किया जसवंतनगर थाने का निरीक्षण, अभिलेखों की जांच कर दिए आवश्यक निर्देश

जसवंतनगर/इटावा। डीआईजी कानपुर रेंज यमुना प्रसाद ने शुक्रवार शाम जसवंतनगर थाने का औचक निरीक्षण कर पुलिस की कार्यप्रणाली, अभिलेखों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने साइबर सेल, मिशन शक्ति केंद्र, हवालात, कंप्यूटर कक्ष और मालखाने का निरीक्षण कर संबंधित पुलिसकर्मियों से जानकारी प्राप्त की।

थाने पहुंचने पर सीओ आयुषी सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर डीआईजी का स्वागत किया। वहीं, उपनिरीक्षक हेमंत कुमार ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव और एसपी सिटी बबीता सिंह भी मौजूद रहीं।

डीआईजी ने साइबर सेल में पिछले एक महीने के साइबर अपराधों का ब्योरा देखकर मामलों में हुई कार्रवाई और उनकी प्रगति की जानकारी ली। मिशन शक्ति केंद्र में महिला सुरक्षा से संबंधित रजिस्टरों की जांच की। साथ ही महिला आरक्षियों से ग्राम चौपालों और महिला सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

कंप्यूटर कक्ष में रजिस्टर संख्या चार और आठ सहित अन्य अभिलेखों की जांच की गई। मालखाने में रखे सामान और उनसे संबंधित रिकॉर्ड का भी अवलोकन किया गया। डीआईजी ने पुलिसकर्मियों को अभिलेख व्यवस्थित रखने और अपराधों से संबंधित रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद थाने परिसर में चौकीदारों को कंबल, टॉर्च और पटका वितरित किए गए। इस अवसर पर थाना प्रभारी कमल भाटी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post