फर्रुखाबाद में पुलिस अधिकारियों ने की पैदल गश्त,अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह और सीओ सिटी अभय वर्मा ने पुलिस बल के साथ प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा परखी।
रेहान खान ब्यूरो चीफ़ फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद में सोमवार 14 सितंबर को पुलिस अधिकारियों ने शहर के प्रमुख मार्गों पर पैदल गश्त की। यह गश्त आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा ने पुलिस बल के साथ इस अभियान का नेतृत्व किया।
इस दौरान कोतवाली फर्रुखाबाद के प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलोत और थाना मऊदरवाजा के प्रभारी अजब सिंह भी अपनी टीमों के साथ मौजूद रहे। पुलिस टीम ने मऊदरवाजा क्षेत्र से लेकर लाल दरवाजा फव्वारे तक और अन्य मुख्य मार्गों पर सुरक्षा का जायजा लिया।
अधिकारियों ने बाजारों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने आम लोगों और दुकानदारों से बातचीत की। उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस टीम ने नागरिकों से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने में सहयोग की भी अपील की। अधिकारियों ने साफ किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी गश्त लगातार जारी रहेगी।
वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखने की हिदायत भी दी गई है।
Tags
फर्रुखाबाद