बीबीगंज में नए चौकी इंचार्ज का सख्त संदेश,आमजन निडर रहें, अपराधियों में रहे कानून का खौफ
रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077
फर्रुखाबाद के थाना मऊदरवाजा क्षेत्र की बीबीगंज पुलिस चौकी पर उप निरीक्षक काशिफ हनीफ ने नए चौकी इंचार्ज के रूप में कार्यभार संभाला है। पदभार संभालते ही उन्होंने अपराधियों को कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा। आमजन की सुरक्षा, सम्मान और निडरता पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
नई तैनाती के बाद उप निरीक्षक काशिफ हनीफ ने अपनी टीम के साथ पूरे क्षेत्र में गश्त कर शक्ति प्रदर्शन किया। कानून का इकबाल कायम करने के उद्देश्य से उन्होंने गुरुगांव देवी मंदिर से लेकर मैन बाजार तक पैदल गश्त की।
इस दौरान उन्होंने दुकानदारों, व्यापारियों और आम लोगों से बातचीत कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही, बाजार में बढ़ते अतिक्रमण को रोकने के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया। सड़क पर अवैध रूप से सामान लगाने वाले दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई और सड़क को जाम मुक्त रखने के निर्देश दिए गए।
पैदल गश्त के बाद चौकी इंचार्ज ने पुलिस टीम के साथ बाइक से पूरे बीबीगंज क्षेत्र, भीड़-भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों का भी दौरा किया।
अपने बयान में उप निरीक्षक काशिफ हनीफ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध निष्पक्ष, प्रभावी एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जो व्यक्ति अवैध वसूली, मारपीट, धमकी, जुआ, सट्टा, नशे का कारोबार, अवैध हथियार या किसी भी अन्य गैरकानूनी गतिविधि में संलिप्त हैं, वे तुरंत अपनी गतिविधियां बंद कर दें।
उन्होंने जोर देकर कहा कि क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को दबंगई, भय या रसूख के बल पर कानून को हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। अपराधी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून की नजर में सभी समान हैं।
उप निरीक्षक हनीफ ने दोहराया कि 'आमजन निडर होकर रहें, अपराधियों में कानून का भय रहे - यही हमारी पुलिस की प्राथमिकता है।' इस गश्त के दौरान उनके साथ कांस्टेबल विनीत चौधरी, कांस्टेबल नितिन कुमार, कांस्टेबल नरेश गुर्जर महिला कांस्टेबल मधु ,महिला कांस्टेबल नीलम,सहित पूरी चौकी की टीम मौजूद रही।
पुलिस की इस सक्रियता और सख्त तेवर के बाद से क्षेत्र के व्यापारियों और आम लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है, वहीं अराजक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।
Tags
फर्रुखाबाद