BREAKING

लखनऊ: रसोइया सम्मान समारोह में CM योगी का सपा पर हमला, बोले- अगले चुनाव में जनता सपा को हमेशा के लिए साफ कर देगी

लखनऊ डेस्क 


रसोइया सम्मान समारोह में CM योगी का सपा पर हमला, बोले- अगले चुनाव में जनता सपा को हमेशा के लिए साफ कर देगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राज्य स्तरीय रसोइया सम्मान समारोह में रसोइयों के लिए सरकार की ओर से सामाजिक सुरक्षा और कैशलेस चिकित्सा सुविधा की जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा के एजेंडे में कभी गरीब नहीं रहा। उन्होंने अखिलेश यादव को ‘बबुआ’ कहकर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने बयान दिया है कि उनके परिवार के सभी लोग सांसद हैं, इसलिए समाजवादी पार्टी बनी हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा इसलिए नहीं बनी हुई है, बल्कि जनता अगले विधानसभा चुनाव में उसे हमेशा के लिए साफ कर देगी।

अखिलेश के डेली रूटीन पर तंज

सीएम योगी ने अखिलेश यादव के दैनिक कार्यक्रम पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जब कोई दोपहर 12 बजे सोकर उठे, दो बजे तक तैयार हो, शाम पांच बजे व्यायामशाला जाए और फिर शाम को महफिल जमाए, तो उसके पास प्रदेश के लिए समय कहां से होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए समय नहीं था, जबकि उनकी सरकार हर वर्ग के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।

‘आरक्षण था, आरक्षण है और आरक्षण रहेगा’ पर सियासी वार

इससे पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरक्षण को लेकर भाजपा पर निशाना साधा था। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि ‘आरक्षण था, आरक्षण है और आरक्षण रहेगा।’ अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा आरक्षण को खत्म करना चाहती है और ‘समीक्षा’ व ‘सुधार’ जैसे शब्दों के जरिए पीडीए समाज के अधिकारों के खिलाफ साजिश की जा रही है।

2017 से पहले के यूपी का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास की स्थिति का जिक्र करते हुए सपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय गरीबों की जमीनों पर कब्जे होते थे, बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंता रहती थी और दंगे आम बात थे। सीएम ने दावा किया कि अब उत्तर प्रदेश दंगा और कर्फ्यू से मुक्त हो चुका है तथा बेहतर कानून-व्यवस्था के चलते प्रदेश के विकास को गति मिली है।

स्कूलों की बदली तस्वीर का किया दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले बेसिक शिक्षा परिषद के कई विद्यालय बदहाल और वीरान नजर आते थे। अब ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत 19 मानकों के आधार पर स्कूलों में सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग और प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले लोगों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।

समारोह में मुख्यमंत्री ने रसोइयों के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें सामाजिक सुरक्षा और कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ देने की दिशा में सरकार की पहल की जानकारी दी।

Previous Post Next Post